
बोले- पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी
लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अवनीश कुमार सिंह ने शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यह कार्यक्रम प्रदेशभर में शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा था, जिसके माध्यम से मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प को मजबूत किया गया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर एमएलसी अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि “पर्यावरण केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि हमारे अस्तित्व का आधार है। स्वच्छ वायु, शुद्ध जल, हरियाली और जैव विविधता ही स्वस्थ जीवन की नींव हैं। वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, अंधाधुंध वृक्षों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन गंभीर चुनौती बन चुके हैं। विश्व पर्यावरण दिवस हमें यह याद दिलाता है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाए, जल संरक्षण करे, प्लास्टिक का उपयोग कम करे और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहे, तो हम आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध पृथ्वी दे सकते हैं।”
उन्होंने लोगों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है।


Leave a Reply